गुरु गोबिंद सिंह के नाहन आगमन दिवस पर निकला भव्य नगर कीर्तन
नाहन, 29 अप्रैल (हि.स.)। सिक्खों के दशम गुरु गोबिंद सिंह के नाहन आगमन के 340 वे वर्ष के उपलक्ष्य में रविववार काे नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। गुरूजी 29 अप्रेल को टोका साहेब व 30 अप्रेल को नाहन पहुंचे थे। उनके इस आगमन दिवस पर जहां नाहन में आगमन जोड़ मेले का आयोजन किया जाता है वहीं पूर्व संध्या पर नगर कीर्तन आयोजित किया जाता है। आज पंच प्यारों की अगुआई में दशमेश गुरुद्वारा साहेब से नगर कीर्तन आरम्भ हुआ और शहर की परिक्रमा पर निकला। इस दौरान सिख लोग कीर्तन करते हुए साथ चले।
गुरु गोबिंद सिंह यहां पर तत्कालीन महाराज सिरमौर की प्रार्थना पर सीमा विवाद निपटाने आये थे और लगभग 8 महीने वो नाहन में रहे ततपश्चात उन्होंने पोंटा साहेब नगर की स्थापना की थी।
दशमेश गुरुद्वारा समिति के अध्यक्ष अमृत सिंह शाह ने बताया कि मेले का आरम्भ टोका साहेब से आये कीर्तन संगत से हुआ था और अब यहां पर नगर कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। लोग बड़ी श्रद्धा से इसमें भाग ले रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर