विकसित भारत युवा संसद 2026-27 और यंग लीडर्स डायलॉग का होगा आयोजन

 

मंडी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मेरा युवा भारत, मंडी द्वारा विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026-27 के अंतर्गत किया जाएगा। जिला स्तर पर आयोजित होने वाली युवा संसद का विषय एक राष्ट्र, एक चुनाव निर्धारित किया गया है। जिला युवा अधिकारी भारती मोंगरा ने बताया कि विकसित भारत युवा संसद का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, संसदीय कार्यप्रणाली एवं राष्ट्रीय महत्व के विषयों के प्रति जागरूक करना है।

इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपने विचार प्रस्तुत करने, तार्किक ढंग से अपनी बात रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए युवा की आयु 17 अगस्त 2026 को 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इच्छुक पात्र युवा पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण प्रक्रिया 17 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है।युवा संसद का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक, राज्य स्तर की प्रतियोगिता 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 9 और 10 जनवरी 2027 को नई दिल्ली स्थित संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित की जाएगी।

जिला युवा अधिकारी ने बताया कि जिला स्तर पर प्रतिभागियों को निर्धारित विषय एक राष्ट्र, एक चुनाव पर अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट का समय दिया जाएगा। प्रतिभागियों का मूल्यांकन निर्धारित मानदंडों के आधार पर किया जाएगा। मंडी जिले से तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर की युवा संसद के लिए किया जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि युवा संसद केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, निर्णय लेने की योग्यता, तार्किक सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों को विकसित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से युवा राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी समझ विकसित कर सकेंगे और देश के विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा में भाग ले सकेंगे। जिला युवा अधिकारी भारती मोंगरा ने मंडी जिले के पात्र युवाओं से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा वे विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा