युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाना समय की आवश्यकता : राकेश जम्बाल
मंडी, 17 अगस्त (हि.स.)। मेरा युवा भारत, हिमाचल प्रदेश द्वारा संस्कृति सदन, मंडी में नव-चयनित राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों के लिए आयोजित छह दिवसीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में सुंदरनगर के विधायक एवं भाजपा मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्बाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और प्रशिक्षण में भाग ले रहे युवा स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंडी, कुल्लू और सोलन जिलों से चयनित कुल 35 राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम 17 से 22 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नव-चयनित स्वयंसेवकों को राष्ट्र निर्माण, युवा नेतृत्व, सामुदायिक सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा मेरा युवा भारत की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों से परिचित करवाना है, ताकि वे अपने-अपने जिलों में युवाओं के सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर राकेश ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य को सकारात्मक दिशा देकर राष्ट्र निर्माण से जोड़ना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवा केवल अपने भविष्य के निर्माता नहीं हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के वर्तमान को मजबूत करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि युवा अवस्था जीवन का ऐसा पड़ाव है, जब व्यक्ति में कुछ नया करने, सीखने और समाज के लिए योगदान देने की सबसे अधिक क्षमता होती है। यदि युवाओं को सही दिशा, उचित मार्गदर्शन और अपनी प्रतिभा को निखारने के अवसर मिलें तो वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बन सकते हैं। मेरा युवा भारत जैसे मंच इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नेतृत्व का अर्थ केवल किसी पद पर होना नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़कर कार्य करना है। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे इस प्रशिक्षण को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम के रूप में न लें, बल्कि यहां मिलने वाले अनुभव और ज्ञान को अपने जीवन तथा सामाजिक कार्यों में व्यवहारिक रूप से लागू करें। राकेश जमवाल ने कहा कि आज भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश के विकास में युवाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है। युवा शक्ति के सामर्थ्य का सही उपयोग विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने व्यक्तिगत लक्ष्य के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को भी प्राथमिकता दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा