मंडी की प्रतिभाओं ने संगीत की दुनिया में बिखेरा हुनर, हम दोनों म्यूजिक वीडियो रिलीज
मंडी, 12 नवंबर (हि.स.)। जिला मंडी की प्रतिभाओं ने एक बार फिर अपनी रचनात्मकता और कला से संगीत प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया है। मंडी से ताल्लुक रखने वाले गायक अभिषेक भार्गव, रित्वि और याद्विक का नया म्यूजिक वीडियो ‘हम दोनों’ रिलीज हो गया है। नगर निगम महापौर सुमन ठाकुर ने इस म्यूजिक वीडियो का शुभारंभ किया। यह गीत संगीत और भावनाओं का खूबसूरत संगम प्रस्तुत करता है।
इस अवसर पर उन्होंने गायक अभिषेक भार्गव और उनकी पूरी टीम को इस नई उपलब्धि के लिए बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गीत को अभिषेक भार्गव ने अपनी मधुर आवाज दी है, जबकि इसके संगीत एवं गीत की रचना अर्थ एम ने की है। गाने की रिकॉर्डिंग भार्गव साउंड्स लैब द्वारा की गई है। वीडियो में रित्वि और याद्विक की आकर्षक प्रस्तुति देखने को मिलती है। वीडियो का निर्देशन, एडिटिंग एवं सिनेमैटोग्राफी प्रिंस हैरी ने की है। पोस्ट प्रोडक्शन एवं सीजी का कार्य इंस्पायर स्टूडियो ने किया है, जबकि आर्ट वर्क हैरिश खान ने तैयार किया है।
तीनों कलाकारों का जिला मंडी से संबंध होना इस प्रस्तुति को और भी खास बनाता है। अपने हुनर और संगीत के प्रति जुनून के साथ ये कलाकार स्थानीय प्रतिभाओं को एक नई पहचान दिलाने की दिशा में प्रयासरत हैं। कलाकारों ने दर्शकों से हम दोनों को प्यार और समर्थन देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वे आगे भी नए-नए गानों और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करते रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा