वामन भगवान की पालकी में गूंजे जयकारे, मां यमुना की आरती में शामिल हुए राज्यसभा सांसद सिकंदर

 

नाहन, 24 सितंबर (हि.स.)।वामन द्वादशी के पावन अवसर पर बुधवार को पांवटा साहिब में ऐसा धार्मिक नजारा देखने को मिला कि हर कोई भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।इसी भव्य धार्मिक आयोजन में राज्यसभा सांसद सिकंदर भी पहुंचे। उन्होंने भगवान वामन की पालकी में माथा टेककर आशीर्वाद लिया और मां यमुना की आरती में श्रद्धापूर्वक भाग लिया। इस दौरान वह काफी देर तक धार्मिक कार्यक्रम में मौजूद रहे और श्रद्धालुओं के साथ इस पावन अवसर के साक्षी बने।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सिकंदर ने कहा कि पांवटा साहिब के इस भव्य धार्मिक आयोजन में पहली बार शामिल होने का उन्हें सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि यहां पहुंचकर उन्हें बेहद प्रसन्नता हुई। उन्होंने मां यमुना और भगवान वामन से प्रार्थना की कि सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी प्राचीन संस्कृति और परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का काम करते हैं। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में अपनी संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ती है और लोगों के बीच भाईचारा मजबूत होता है।

वामन द्वादशी पर पांवटा साहिब में करीब 22 प्राचीन मंदिरों से भव्य पालकियां पहुंचीं। नाहन के माजरा क्षेत्र से लेकर पांवटा साहिब, शिवपुर और आसपास की पंचायतों से श्रद्धालु अपनी-अपनी पालकियां लेकर पहुंचे। पालकियों के पहुंचते ही पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कहीं ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई दी तो कहीं भगवान के जयकारे लगाए गए। हजारों की संख्या में श्रद्धालु मां यमुना के तट पर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर