केंद्रीय बजट 2026-27 हिमाचल के लिए विकासोन्मुख : सुरेश कश्यप

 


नाहन, 02 मार्च (हि.स.)। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा एवं सांसद सुरेश कश्यप ने सोमवार को युवा शक्ति, भारत की शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत नाहन के डीआरडीए हॉल में आयोजित “विकसित भारत युवा संसद 2026” के जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।

इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय बजट 2026-27 को हिमाचल प्रदेश के लिए विकासोन्मुख और अवसरों से भरपूर बजट बताया। उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 में हिमाचल प्रदेश को केंद्र करों में 0.914 प्रतिशत हिस्सेदारी के तहत कुल 20,365 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे, जिससे प्रदेश में आधारभूत संरचना, सामाजिक कल्याण और विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलेगी।

सुरेश कश्यप ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब युवा शक्ति आगे बढ़कर नेतृत्व करेगी। उन्होंने युवाओं से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर प्रदेश और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि पर्वतीय राज्यों के लिए इको-फ्रेंडली माउंटेन कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा हिमाचल के लिए विशेष महत्व रखती है। वित्त मंत्री द्वारा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में पर्यावरण-संवेदनशील पर्वतीय मार्गों के निर्माण का प्रस्ताव पर्यटन, कनेक्टिविटी और स्थानीय रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा।

सांसद ने कहा कि बजट में पर्यटन और जैव विविधता को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया है। हिमाचल जैसे पर्यटन प्रधान राज्य को इससे सीधा लाभ मिलेगा। होटल, होमस्टे, इको-टूरिज्म, स्थानीय हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों की बिक्री में वृद्धि होने से युवाओं और स्थानीय समुदाय को व्यापक रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर