दूसरी बार संसद रत्न सम्मान मिलने पर भाजपा नेताओं ने अनुराग सिंह ठाकुर को दी बधाई
हमीरपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को दूसरी बार प्रतिष्ठित संसद रत्न सम्मान प्राप्त करने पर बधाई दी है। भाजपा नेताओं ने कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर ने अपनी उत्कृष्ट संसदीय कार्यशैली, प्रभावी भागीदारी और जनहित से जुड़े विषयों को संसद में मजबूती से उठाकर न केवल हमीरपुर और हिमाचल प्रदेश, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल और आशीष शर्मा, वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजिंदर सिंह राणा, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, डॉ. अनिल धीमान और कमलेश कुमारी, जिला परिषद अध्यक्ष अनीता देवी सहित पार्टी पदाधिकारियों अजय रिंटू शर्मा तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनुराग सिंह ठाकुर को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि संसद रत्न सम्मान की विशेषता यह है कि यह सामान्य पुरस्कारों की तरह केवल नामांकन आधारित सम्मान नहीं है, बल्कि संसद में सांसदों और संसदीय समितियों के प्रदर्शन से जुड़े तथ्यात्मक एवं निर्धारित मानकों के आधार पर प्रदान किया जाता है। इस सम्मान की शुरुआत वर्ष 2010 में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के सुझाव पर हुई थी।
अनुराग सिंह ठाकुर को इससे पहले वर्ष 2019 में 16वीं लोकसभा के दौरान संसद रत्न सम्मान की व्यक्तिगत श्रेणी में सम्मानित किया गया था। उस समय उन्हें ज्यूरी कमेटी स्पेशल अवार्ड प्रदान किया गया था। वह यह सम्मान प्राप्त करने वाले पहले भाजपा सांसदों में शामिल रहे। यह सम्मान उनके विशिष्ट संसदीय प्रदर्शन और संसद में प्रभावी योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता था।
वर्ष 2026 में अनुराग सिंह ठाकुर के नेतृत्व वाली संसदीय स्थायी समिति - कोयला, खान एवं इस्पात को संसद रत्न सम्मान प्रदान किया गया है। समिति को उसके उत्कृष्ट संसदीय कार्य, गहन अध्ययन तथा महत्वपूर्ण मौलिक रिपोर्टों के लिए सम्मानित किया गया। वर्ष 2026 में चयनित चार संसदीय समितियों में कोयला, खान एवं इस्पात समिति भी शामिल रही, जिसकी अध्यक्षता अनुराग सिंह ठाकुर कर रहे हैं। समिति को विशेष रूप से उसके द्वारा प्रस्तुत मौलिक रिपोर्टों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यह सम्मान मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा