हिमाचल में मॉनसून की दस्तक, पांच दिन की देरी से पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मॉनसून, भारी बारिश का अलर्ट

 


शिमला, 30 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने आखिरकार दस्तक दे दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से पुष्टि की कि मॉनसून प्रदेश के कई हिस्सों में पहुंच चुका है और अगले दो से तीन दिनों के दौरान शेष क्षेत्रों में भी इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इस वर्ष मॉनसून सामान्य तिथि 25 जून की तुलना में करीब पांच दिन की देरी से हिमाचल पहुंचा है। पिछले वर्ष मॉनसून ने 20 जून को प्रदेश में प्रवेश कर लिया था।

मौसम विभाग के अनुसार 30 जून को मॉनसून ने पूरे किन्नौर जिले, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के अधिकांश हिस्सों, शिमला और मंडी जिलों के कई क्षेत्रों तथा सिरमौर और कांगड़ा जिलों के कुछ भागों को कवर कर लिया है। विभाग ने बताया कि मॉनसून की उत्तरी सीमा मंडी क्षेत्र तक पहुंच गई है और अब इसके तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून पूरे हिमाचल प्रदेश को कवर कर सकता है।

मॉनसून की दस्तक के साथ ही प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने लगा है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 1 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का येलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद 2, 3 और 4 जुलाई को कई क्षेत्रों में बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन दिनों 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं तथा बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। 5 और 6 जुलाई के लिए भी भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, अचानक बाढ़, सड़क अवरोध और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं। लोगों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

उधर, मॉनसून के सक्रिय होने से पहले ही प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान गोहर में सबसे अधिक 55 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। मंडी में 45.6 मिलीमीटर, बरठीं में 42.6 मिलीमीटर, रायपुर मैदान में 41 मिलीमीटर, सुंदरनगर में 31.4 मिलीमीटर और कांगड़ा एयरो में 30.8 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा बग्गी, सराहन, जुब्बड़हट्टी, शिमला, देहरा गोपीपुर, हमीरपुर और धर्मशाला सहित कई क्षेत्रों में भी वर्षा दर्ज की गई। मंगलवार को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहे और कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई।

बारिश के प्रभाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार सुबह कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री, धर्मशाला में 19.8 डिग्री, मनाली में 20.6 डिग्री और मंडी में 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा