नरेंद्र मोदी के 25 साल के शासन पर हिमाचल भाजपा ने पारित किया प्रस्ताव, एम्स से अटल टनल तक गिनाईं उपलब्धियां
शिमला, 15 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासकीय नेतृत्व के 25 वर्ष पूरे होने पर हिमाचल प्रदेश भाजपा ने उनके कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया। पार्टी ने इसे ‘25 वर्ष सेवा, सुशासन और समर्पण के, राष्ट्र प्रथम से विकसित भारत तक’ नाम दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब कल्याण, बुनियादी सुविधाओं और राष्ट्रीय विकास को नई दिशा मिली है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में हुए विकास कार्यों में केंद्र सरकार के योगदान का भी उल्लेख किया।
भाजपा की प्रदेश पदाधिकारी बैठक वीरवार को वर्चुअल माध्यम से हुई। इसकी अध्यक्षता डॉ. राजीव बिंदल ने की। बैठक में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, सांसदों, विधायकों और प्रदेश पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के बाद बिंदल ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शासन की शुरुआत की थी। सात अक्टूबर 2026 को उनके शासकीय नेतृत्व के 25 वर्ष पूरे हुए। उन्होंने कहा कि मोदी ने लगभग 12 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष से अधिक समय प्रधानमंत्री के रूप में काम किया है।
बिंदल ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, जनधन, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और गरीब कल्याण अन्न योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से गरीब परिवारों को सहायता मिली है। उन्होंने नीति आयोग के आकलन का हवाला देते हुए कहा कि 2013-14 से 2022-23 के बीच देश में लगभग 24.82 करोड़ लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर आए।
हिमाचल के संदर्भ में उन्होंने बिलासपुर एम्स, अटल टनल रोहतांग, राष्ट्रीय राजमार्गों और रेलवे परियोजनाओं को प्रमुख उपलब्धियां बताया। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत जुलाई 2026 तक प्रदेश में 69,018 आवास पूरे हो चुके थे। शहरी योजना के तहत 11,128 आवास पूरे किए गए थे।
बिंदल ने कहा कि हिमाचल के लिए रेलवे बजट 2009-14 के औसत 108 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 2,716 करोड़ रुपये हो गया। उन्होंने भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी और चंडीगढ़-बद्दी रेलवे परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि भाजपा के सदस्यता अभियान 2024 में प्रदेश में 15.50 लाख से अधिक प्राथमिक सदस्य बनाए गए। पार्टी ने प्रस्ताव के माध्यम से गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, युवा विकास, किसान-बागवानों की समृद्धि और विकसित हिमाचल के लिए काम करने का संकल्प लिया। बिंदल ने कहा कि प्रस्ताव प्रधानमंत्री और केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा