प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्षों का नेतृत्व गरीब कल्याण और राष्ट्रसेवा को समर्पित : बिंदल

 




शिमला, 17 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की। बिंदल ने वीरवार को कहा कि नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ पूरे किए हैं।

बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान को प्राथमिकता दी है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और युवाओं के विकास को उनकी सरकार की नीतियों में प्रमुख स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में मोदी ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण को प्राथमिकता दी है। बिंदल के अनुसार प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन सेवा और समर्पण की भावना से प्रेरित रहा है।

बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सामरिक और आर्थिक दृष्टि से सशक्त हुआ है और विश्व पटल पर देश की भूमिका बढ़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। यह लक्ष्य आर्थिक विकास, सामाजिक उत्थान, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय सामर्थ्य से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का संकल्प आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा है और देश इस दिशा में आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर बिंदल ने प्रार्थना की कि उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा की निरंतर शक्ति मिले तथा विकसित भारत का संकल्प साकार हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा