विधायक विनय कुमार ने संगड़ाह में तीन दिवसीय विजट महाराज हरियाली मेले का किया समापन
नाहन, 17 अगस्त (हि.स.) संगड़ाह में आयोजित तीन दिवसीय विजट महाराज हरियाली मेले का समापन विधायक रेणुका विधानसभा क्षेत्र विनय कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मेले और त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। हमारी संस्कृति और लोक परंपराएं एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को विरासत के रूप में हस्तांतरित होती हैं। उन्होंने कहा कि हरियाली मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से लोग पहुंचकर खरीदारी करते हैं तथा उन्हें एक-दूसरे से मिलने, संवाद करने और अपने विचार साझा करने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
विधायक ने प्रदेश सरकार तथा मुख्यमंत्री को हरिपुरधार में सिविल अस्पताल खोलने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि शीघ्र ही अस्पताल में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ सहित अन्य आवश्यक पदों को भरा जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे पूर्व विधायक ने नगर पंचायत संगड़ाह के कार्यालय का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि संगड़ाह के नगर पंचायत बनने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और लोगों को सड़क, पेयजल, जल निकासी एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत संगड़ाह के लिए लगभग 8.78 लाख रुपये की ग्रांट जारी कर दी गई है।
विनय कुमार ने कहा कि अगले वर्ष हरियाली मेले के आयोजन के लिए मैदान एवं मंच तैयार कर दिया जाएगा, ताकि मेले का आयोजन और अधिक व्यवस्थित एवं भव्य रूप से किया जा सके। उन्होंने संगड़ाह के टीकरी गांव के लिए लोक निर्माण विभाग को सड़क की फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी करने के निर्देश दिए, ताकि गांव के लिए एचआरटीसी बस सेवा शुरू की जा सके।उन्होंने यह भी कहा कि संगड़ाह में डे-बोर्डिंग स्कूल खोला जाएगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर