राम के नाम पर अपनी विफलताओं पर पर्दा डाल रही है कांग्रेस सरकार : दलीप ठाकुर
मंडी, 14 जुलाई (हि.स.)। मंडी जिला के सरकाघाट से संबंध रखने वाले विधायक दलीप ठाकुर ने कहा कि राम के नाम पर अपनी विफलताओं पर पर्दा डाल रही है कांग्रेस सरकार। उन्होंने कहा कि कहा कि प्रदेश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति, बढ़ते कर्ज, अधूरी दस गारंटियों और हर मोर्चे पर विफल होती सरकार से जनता का ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस अब भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राम मंदिर पर बयानबाजी करने के बजाय हिमाचल की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करें और बताएं कि आखिर प्रदेश को आर्थिक संकट में किसने धकेला। दलीप ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को राम मंदिर और भगवान श्रीराम पर सवाल उठाने से पहले अपना इतिहास देखना चाहिए। जिस पार्टी ने वर्षों तक श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का विरोध किया, अदालतों में अड़चनें डालीं और राम मंदिर निर्माण को रोकने का हर संभव प्रयास किया। वही आज आस्था के नाम पर राजनीति कर रही है। कांग्रेस की यह दोहरी मानसिकता अब देश की जनता अच्छी तरह समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू पहले यह बताएं कि दस गारंटियों का क्या हुआ। महिलाओं को 1500 रूपए प्रतिमाह कब मिलेगा, युवाओं को रोजगार कहां है। कर्मचारियों, पेंशनरों, किसानों और बागवानों से किए गए वादे क्यों अधूरे हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों भारतीयों की आस्था, विश्वास और संस्कृति के प्रतीक हैं। राम मंदिर पूरे देश की श्रद्धा का केंद्र है, न कि कांग्रेस की राजनीतिक प्रयोगशाला। कांग्रेस को वोट बैंक की राजनीति के लिए भगवान श्रीराम के नाम का दुरुपयोग बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो तत्काल प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा