विधायक अनिल शर्मा ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली में की मुलाकात
मंडी, 20 अगस्त (हि.स.)। सदर के विधायक अनिल शर्मा ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली में मुलाकात की । इस दौरान विधायक ने राष्ट्रीय राजमार्ग 003 मंडी–कोटली/कड़कोह खंड में चल रहे निर्माण कार्यों के संबंध में विस्तार पूर्वक चर्चा की। मंडी–कोटली खंड की स्थिति पर ध्यान आकर्षित करते हुए सदर विधायक ने केंद्रीय मंत्री को वस्तुस्थिति से अवगत करवाते हुए बताया कि कई कार्य अभी भी अधूरे हैं तथा संबंधित एजेंसी द्वारा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता एवं कार्यान्वयन के तरीके के कारण स्थानीय निवासियों को काफी असुविधा एवं चिंता का सामना करना पड़ रहा है। जबकि कई महत्वपूर्ण समस्याएं अभी भी अनसुलझी हैं। इनमें मुख्य रूप से अत्यधिक तीखे एवं खतरनाक मोड़ों की कटिंग एवं सुधार तथा जोखिमपूर्ण घुमावों को कम करने की आवश्यकता है। जिनमें से कुछ आज भी दुर्घटनाओं का गंभीर खतरा उत्पन्न करते हैं।
इसके अलावा अपर्याप्त जल निकासी व्यवस्था, कई संवेदनशील स्थानों पर रिटेनिंग वॉल एवं ब्रेस्ट वॉल का निर्माण न होना, भूमि अधिग्रहण से प्रभावित घरों एवं संपत्तियों तक उचित संपर्क मार्ग/पैदल रास्तों का अभाव, अपर्याप्त सड़क सुरक्षा उपाय, तथा मार्ग पर प्रस्तावित बस शेल्टरों का निर्माण न होना शामिल है।
उन्होंनेकहा कि ये सभी विषय मंडी सदर के निवासियों की सुरक्षा, आवागमन तथा दैनिक जीवन की सुविधाओं से सीधे जुड़े हुए हैं और इसलिए इन पर समयबद्ध तरीके से ध्यान दिया जाना अत्यंत आवश्यक है। इसके अतिरिक्त इस खंड के निर्माण को पूर्ण करने के लिए 70 करोड़ की धन राशि अतिरिक्त जारी करने के लिए भी अनुरोध किया। जिसको केंद्रीय मंत्री ने तत्काल जारी कर दिया।
विधायक अनिल शर्मा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने इस विषय को अत्यंत धैर्यपूर्वक सुना तथा प्रभावित निवासियों की समस्याओं की जांच करवाकर उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा