शिमला : 10 दिन से लापता नाबालिग लड़की सुरक्षित मिली, पुलिस ने मां को सौंपा

 

शिमला, 12 जुलाई (हि.स.)। शिमला में 10 दिन से लापता एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। चिकित्सीय परीक्षण और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद लड़की को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार संजौली थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के लापता होने की सूचना मिलने के बाद 1 जुलाई को मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया। जांच के दौरान तकनीकी साधनों के साथ-साथ पारंपरिक तरीकों का भी इस्तेमाल किया गया और अलग-अलग स्तर पर जानकारी जुटाई गई।

लगातार की गई खोजबीन और जांच के दौरान पुलिस को 11 जुलाई को सफलता मिली और नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद नियमानुसार उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे उसकी मां के हवाले कर दिया गया।

शिमला पुलिस का कहना है कि गुमशुदा लोगों, खासकर बच्चों और नाबालिगों की सुरक्षित बरामदगी उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे मामलों में पुलिस हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए तकनीकी और अन्य जांच माध्यमों की मदद से खोज अभियान चलाती है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति, विशेष रूप से बच्चा या नाबालिग, लापता हो जाए तो बिना देरी किए इसकी सूचना पुलिस को दें, जिससे समय पर कार्रवाई कर उसे सुरक्षित तलाशने के प्रयास शुरू किए जा सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा