शिमला से लापता दो बच्चे अमृतसर में सुरक्षित मिले

 


शिमला, 25 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी के न्यू शिमला क्षेत्र से लापता हुए दो नाबालिग बच्चों को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। दोनों बच्चों की उम्र 12 और 17 वर्ष है। इस मामले में पुलिस थाना न्यू शिमला में 10 अप्रैल को गुमशुदगी की शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही मामले को गंभीरता से लिया गया और उनकी तलाश के लिए लगातार प्रयास शुरू किए गए। पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से जांच की और विभिन्न जगहों पर जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर टीम पंजाब के अमृतसर पहुंची।

वहां स्वर्ण मंदिर क्षेत्र में दोनों बच्चों को ढूंढ निकाला गया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान बच्चों ने बताया कि वे घर से घूमने के इरादे से निकले थे।

पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई करने से बच्चों को सुरक्षित वापस लाने में सफलता मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा