लापता नन्हीं आर्या का तीसरे दिन भी नहीं मिला काेई सुराग

 

नाहन, 08 सितंबर (हि.स.)। पुलिस थाना संगड़ाह के तहत लानाचेता पंचायत के घेवना गांव से रविवार शाम करीब चार बजे लापता हुई चार वर्षीय आर्या का मंगलवार को तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया। बच्ची की तलाश में जुटे 200 से अधिक ग्रामीणों के साथ अब एनडीआरएफ की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया है। टीम ने साथ लगती नोएट खड्ड समेत आसपास के संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया है।

एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने बताया कि मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और खड्ड समेत अन्य संभावित स्थानों पर बच्ची की तलाश की जा रही है। तहसीलदार नौहराधार विनोद कुमार सहित पुलिस और राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारी भी एनडीआरएफ टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं।

पंचायत प्रधान सुनील ठाकुर ने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए रविवार से ही 200 से अधिक ग्रामीण जुटे हुए हैं। मंगलवार को एनडीआरएफ ने भी सर्च ऑपरेशन शुरू किया और नोएट खड्ड में करीब ढाई किलोमीटर तक तलाशी ली जा चुकी है। शाम तक फिलहाल बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया था।बताया जा रहा है कि आर्या रविवार को अपने भाई और बहन के साथ घर के आसपास खेल रही थी। उस दौरान उसके माता-पिता काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। इसी बीच बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने उसी समय से उसकी तलाश शुरू कर दी थी।

इस घटना के बाद बच्ची के परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन इस उम्मीद में हैं कि आर्या जहां कहीं भी हो सुरक्षित हो। तीन दिन बीतने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है और उन्हें आर्या के सुरक्षित लौटने का इंतजार है। क्षेत्र में बच्ची की सलामती की दुआएं मांगी जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर