चार दिन से लापता दो युवकों के शव बरामद

 

शिमला, 15 सितंबर (हि.स.)। चार दिन से जारी तलाश मंगलवार सुबह एक दर्दनाक तस्वीर पर जाकर थमी। किन्नौर के पोवारी से 9 सितंबर को लापता दो युवकों का वाहन शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में मंगलाघाट खड्ड के पास गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त मिला। वाहन में सवार दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने रेस्क्यू टीम की मदद से दोनों शवों को खड्ड से बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार दोनों युवक मारुति सुजुकी एर्टिगा में सवार थे। दोनों के लापता होने के बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। मंगलवार सुबह मंगलाघाट खड्ड के पास वाहन गहरी खड्ड में दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिला। वाहन के भीतर दोनों युवक मृत पाए गए।

मृतकों की पहचान 28 वर्षीय अरविंदर नेगी पुत्र अनिल कुमार, और 22 वर्षीय प्रशांत गंधर्व पुत्र मनोहर लाल के रूप में हुई है। दोनों किन्नौर जिले के पोवारी डाकघर तंगलिंग तहसील कल्पा के निवासी थे।

दुर्घटनास्थल राष्ट्रीय राजमार्ग-05 से नीचे गहरी खड्ड में था।

पुलिस ने शवों को बाहर निकालने के लिए प्रशासन से एनडीआरएफ और रेस्क्यू टीम की सहायता मांगी। रेस्क्यू टीम की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा