मुख्यमंत्री ने पारंपरिक मिंजर शोभायात्रा का नेतृत्व किया, चंबा के अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का हुआ समापन

 




शिमला, 02 अगस्त (हि.स.)। चंबा में आयोजित सप्ताहभर चलने वाले अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का आज रंगारंग एवं पारंपरिक आयोजन के साथ समापन हुआ। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अखंड चंडी पैलेस से मंजरी गार्डन तक निकाली गई पारंपरिक शोभायात्रा का नेतृत्व किया। इसके उपरांत उन्होंने परंपरा के अनुसार रावी नदी में ‘मिंजर’ का विसर्जन किया।

मुख्यमंत्री स्थानीय देवी-देवताओं की भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर सांस्कृतिक दलों, पारंपरिक वेशभूषा में सजे महिला एवं पुरुषों, पर्यटकों, पारंपरिक वाद्य यंत्र बजाने वाले कलाकारों तथा हिमाचल प्रदेश पुलिस एवं होमगार्ड के दलों ने भाग लिया। इस भव्य आयोजन ने चंबा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।

प्राचीन परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री ने लाल वस्त्र में बंधे नारियल, मौसमी फलों और सिक्के सहित मिंजर को रावी नदी को अर्पित किया तथा प्रदेश और देश में शांति, समृद्धि एवं अच्छी फसल की कामना की।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी अन्य गणमान्य व्यक्ति शोभायात्रा में मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला