युवाओं को शिक्षा के साथ खेलों से जोड़ना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता : रोहित ठाकुर
शिमला, 11 जुलाई (हि.स.)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि युवाओं को शिक्षा के साथ खेलों से जोड़ना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उनका कहना है कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। साथ ही खेल उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए खेल प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन जरूरी है।
शिक्षा मंत्री शनिवार को जुब्बल क्षेत्र की ग्राम पंचायत कठासु के तहत बटाड़ गांव में नवयुवक मंडल स्टेटा ब्रदर्स बटाड़ की ओर से आयोजित वॉलीबॉल टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
रोहित ठाकुर ने कहा कि वॉलीबॉल पर्वतीय क्षेत्रों का लोकप्रिय खेल है और प्रदेश सरकार खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की डाइट मनी 120 रुपये से बढ़ाकर 220 रुपये कर दी गई है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने की व्यवस्था भी सरकार ने की है। उन्होंने कहा कि जुब्बल में ठाकुर रामलाल राजकीय बालिका खेल विद्यालय सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है, जहां वॉलीबॉल सहित आठ खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खेल छात्रावास के बेहतर संचालन के लिए हाल ही में मंत्रिमंडल ने 32 नए पदों को भी मंजूरी दी है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार संतुलित और समग्र विकास के लिए काम कर रही है। उनके अनुसार पिछले तीन वर्षों में जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम हुआ है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत कठासु में 50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण जारी है। विधानसभा क्षेत्र में 181 नई सड़कों का निर्माण और स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि कठासु पंचायत से उनका पारिवारिक और भावनात्मक जुड़ाव है, इसलिए क्षेत्र के विकास को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
रोहित ठाकुर ने बताया कि 18 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से भगोली-बरथाटा सड़क के स्तरोन्नयन का लगभग 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। कठासु-सावड़ा सड़क का स्तरोन्नयन 19.13 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिसका करीब 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि 1 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से बना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरथाटा (बटाड़गलू) दो वर्षों के भीतर तैयार हुआ है। इससे बरथाटा, कठासु और बढ़ाल पंचायतों के हजारों लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि बटाड़ में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। खेल मैदान में हाईमास्ट लाइट लगाई जा चुकी है और आगे दर्शकों के बैठने की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। बटाड़गलू में जल शक्ति विभाग के निरीक्षण कुटीर का निर्माण भी शुरू हो गया है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने स्थानीय नवयुवक मंडल को खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा