मंत्री आपके द्वार कार्यक्रम में विक्रमादित्य सिंह, समस्याओं का मौके पर किया निपटारा

 


शिमला, 12 अप्रैल (हि.स.)। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बसंतपुर के पास ग्राम पंचायत मंड्यालू में रविवार को लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह की अध्यक्षता में “मंत्री आपके द्वार” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मंड्यालू सहित आसपास की पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं तथा मांगें मंत्री के सामने रखीं। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में 17 समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया।

कार्यक्रम में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नवगठित मंड्यालू पंचायत के गठन पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी और कहा कि यह लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। उन्होंने कहा कि पंचायत घर ग्रामीण विकास का केंद्र होता है, जहां से योजनाएं बनती हैं और उन्हें लागू किया जाता है। उन्होंने लोगों से पंचायत भवन के निर्माण के लिए उपयुक्त जमीन उपलब्ध करवाने का आग्रह भी किया, ताकि पंचायत से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी पंचायतों के समान विकास के लिए काम कर रही है। पुराने पंचायत भवनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है और जहां जरूरत है, वहां नए भवन भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंड्यालू पंचायत में भी मूलभूत सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाई जाएंगी।

उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि बडमेन से बसंतपुर संपर्क सड़क को पूरा किया गया है, जिस पर 6.84 लाख रुपये खर्च हुए हैं। बरसात से सड़क को हुए नुकसान की मरम्मत के लिए अतिरिक्त राशि भी स्वीकृत की गई है। बसंतपुर के मड़ुखर में 50.5 करोड़ रुपये की लागत से पॉलीटेक्निक कॉलेज भवन का निर्माण किया जा रहा है, जबकि युवाओं की मांग पर यहां एक बड़ा खेल मैदान भी बनाया जा रहा है।

इसके अलावा सुन्नी के पास हनुमान मंदिर के नजदीक 2.35 करोड़ रुपये की लागत से लाइब्रेरी का निर्माण कार्य भी जारी है। मंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में बसंतपुर पंचायत के विकास कार्यों के लिए 16 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने मंड्यालू से मटेन संपर्क सड़क के लिए बजट प्रावधान करने, ट्रांसफार्मर अपग्रेड करने और सिंचाई योजना के संवर्धन के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा