10वीं की टॉप-10 मेरिट में चमके सिरमौर के 3 होनहार
नाहन, 10 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में जिला सिरमौर के तीन बच्चों ने बोर्ड की मेरिट सूची में स्थान हासिल किया है। खास बात यह रही कि मेरिट में जगह बनाने वाले तीनों विद्यार्थी निजी स्कूलों से हैं, जबकि जिले के सरकारी स्कूल इस टॉप-10 सूची से बाहर रहे।
करिअर अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाहन की ऋषिता सभ्रवाल ने बोर्ड की मेरिट सूची में सातवें स्थान पर जगह बनाई है। ददाहू के अमित कुमार की पुत्री ऋषिता ने 693 अंक (99%) हासिल किए हैं। इस उपलब्धि से स्कूल में जश्न का माहौल है
आदर्श विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल नाहन के देवांश कश्यप ने भी टॉप 10 मेरिट सूची में अपना स्थान बनाया। उन्होंने नौवां स्थान हासिल किया। देवराज कश्यप के पुत्र देवांश ने 691 अंक प्राप्त किए हैं, जो 98.71 प्रतिशत बनते हैं। एवीएन स्कूल में भी इस उपलब्धि से खुशी का माहौल है।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र के शिवा पब्लिक स्कूल (बेहडेवाला) धौलाकुआं में भी अपना दबदबा कायम किया। इस स्कूल के विक्रांत ने भी बोर्ड की सूची में नौवें स्थान पर बाजी मारी। रामकुमार के पुत्र विक्रांत ने 691 अंक हासिल किए हैं, जो 98.71 प्रतिशत बनते हैं। विक्रांत किसान परिवार से संबंध रखता है। कुछ वर्ष पूर्व उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है। उसकी माता खेती-बाड़ी कर विक्रांत और उसकी बहन की पढ़ाई करवा रही हैं।विक्रांत ने बताया कि उसका लक्ष्य जेईई मेंस पास कर इलेक्ट्रिकल इंजीनियर बनना है। इसके लिए वह नाहन के करिअर अकादमी स्कूल में जमा एक में नॉन मेडिकल विषय से पढ़ाई कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर