बेसहारा पशुओं की समस्याओं के निराकरण को समन्वय समिति की बैठक में मंथन
मंडी, 26 अगस्त (हि.स.)। आवारा पशुओं से संबंधित समस्याओं के प्रभावी एवं स्थाई निराकरण के लिए बुधवार को मंडी जिला के सरकाघाट में उपमंडलीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सरकाघाट एवं समिति के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार गौतम ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अतिरिक्त नगर परिषद सरकाघाट की अध्यक्षा पुष्पा देवी, उपाध्यक्ष लाल चंद, पार्षदों तथा क्षेत्र के गौसदनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। संबंधित विभागों ने बेसहारा पशुओं की समस्या के निराकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम ने पंचायतों एवं नगर परिषद क्षेत्र में नए गौसदनों की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थलों की पहचान कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेसहारा पशुओं की पहचान तथा आवारा कुत्तों के टीकाकरण के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए सभी विभागों, पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर परिषद के प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। इस संबंध में शीघ्र ही पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक आयोजित कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा