भाजपा और मेरा समर्थन केवल भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को : इंद्रदत्त लखनपाल

 


हमीरपुर, 09 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला परिषद चुनाव प्रचार अभियान के अंतर्गत आज झंझियाणी वार्ड में छोटी टोली की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधायक इंद्रदत्त लखनपाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक मजबूती तथा भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर इंद्रदत्त लखनपाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठन की मजबूती, विकास की राजनीति और जनसेवा के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों तथा विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं और पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में वातावरण तैयार करें।

उन्होंने कहा कि जिला परिषद चुनाव केवल स्थानीय प्रतिनिधित्व का चुनाव नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने का माध्यम है। भाजपा समर्थित प्रत्याशी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और विकास को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

इंद्रदत्त लखनपाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका और भारतीय जनता पार्टी का समर्थन केवल भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को ही है। उन्होंने कहा कि कुछ गैर भाजपा समर्थित प्रत्याशी चुनाव प्रचार के दौरान उनके समर्थन का झूठा और भ्रामक दावा कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि ऐसे दावे जनता को भ्रमित करने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं और कार्यकर्ताओं तथा मतदाताओं को इनसे सावधान रहने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित संगठन है और पार्टी द्वारा अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन में ही सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की विचारधारा और पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा