उपायुक्त ने की जिला स्तरीय नदी निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता

 


मंडी, 10 जून (हि.स.)। जिला स्तरीय नदी निगरानी समिति की बैठक उपायुक्त कार्यालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

अपूर्व देवगन ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे उहल नदी पर स्थापित शानन प्रोजेक्ट की गाद हटाने संबंधी कार्य को एस.डी.एम. पधर के साथ समन्वय स्थापित करके हटाना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने मछलियों के प्रजनन व सुरक्षा के मद्देनजर डी-सिल्टिंग का कार्य हर साल पहली जून से 15 अक्टूबर के मध्य करने को कहा है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रोजेक्ट की डी-सिल्टिंग संबंधी कार्य 4-4 घंटे के अंतराल में किया जाए। उन्होंने डी-सिल्टिंग के लिए शानन प्रोजैक्ट के प्रवेश व निकास-द्वारों पर चार सेंसर लगाने को भी कहा है, ताकि नदी के किनारे रहने वाले आमजन को असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डाॅ. मदन कुमार, उप-मंडलाधिकारी (ना.) पधर, सुरजीत कुमार, शानन परियोजना के अधिशासी अभियंता सुखजिंद्र सिंह, इंजीनियर हरमीत सिंह, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विनय कुमार, अधिशासी अभियंता पूर्ण चंद, सहायक निर्देश मत्स्य नीतू सिंह उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा