मंत्रिमंडल के 99 प्रतिशत निर्णय हुए लागू, शेष मामलों के शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश: जगत सिंह नेगी

 

शिमला, 04 जून (हि.स.)। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में वीरवार को मंत्रिमंडलीय उप-समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण तथा नगर नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी भी उपस्थित रहे। इस दौरान मंत्रिमंडल की बैठकों में लिए गए निर्णयों के कार्यान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि 13 जनवरी, 2023 से 30 जून, 2025 तक आयोजित मंत्रिमंडल की बैठकों में कुल 1160 निर्णय लिए गए थे, जिनमें से 99 प्रतिशत निर्णयों को पूरी तरह कार्यान्वित किया जा चुका है। शेष एक प्रतिशत निर्णयों पर भी चर्चा की गई, जिनका संबंध वित्त, स्वास्थ्य, उद्योग, जल शक्ति, बहुउद्देशीय परियोजनाओं तथा ऊर्जा विभागों से है।

जगत सिंह नेगी ने मंत्रिमंडल के निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनहित से जुड़े फैसलों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शेष निर्णयों के कार्यान्वयन में तेजी लाने तथा उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत, प्रधान सचिव देवेश कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, सचिव स्वास्थ्य एम. सुधा देवी, सचिव सहकारिता अमरजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला