आधुनिक उपकरणों से लैस होंगे प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज : मुख्यमंत्री सुक्खू

 




शिमला, 10 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य के सभी सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों को इस वर्ष के अंत तक अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस किया जाएगा। उनका कहना है कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं राज्य के भीतर ही उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार शाम स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए राज्य सरकार ने हजारों पदों पर भर्ती की है। उन्होंने कहा कि एम्स, नई दिल्ली की तर्ज पर प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।

उन्होंने बताया कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर और अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी आयुर्विज्ञान (एआईएमएसएस) चमियाणा में अत्याधुनिक जांच प्रयोगशालाएं स्थापित की जा रही हैं। इन प्रयोगशालाओं के लिए राज्य सरकार ने 75 करोड़ रुपये जारी किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय (आईजीएमसी) शिमला में पीईटी स्कैन मशीन स्थापित की जा चुकी है। टांडा और हमीरपुर चिकित्सा महाविद्यालयों के लिए भी पीईटी स्कैन मशीनों की खरीद की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न पैरामेडिकल श्रेणियों के 71 पद और 50 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा पैरामेडिकल श्रेणियों के 162 नए पद भी स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जाएगा और प्रत्येक बैच में 60 विद्यार्थियों की संख्या सुनिश्चित की जाएगी। आईजीएमसी शिमला में तीन लेक्चर थिएटर और एक परीक्षा भवन के निर्माण के लिए 5.76 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में लेक्चर थिएटर के निर्माण के लिए अतिरिक्त 14.13 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि एआईएमएसएस चमियाणा में 23.75 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल ब्लॉक और 42 करोड़ रुपये की लागत से अतिरिक्त ब्लॉक का निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने अधिकारियों को इन परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा