पोंटा नगर परिषद चुनाव : संवेदनशील जोन पर कड़ी निगरानी, 29 अप्रैल से नामांकन शुरू
नाहन, 27 अप्रैल (हि.स.)।पोंटा नगर परिषद चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों में जुट गए हैं, वहीं वार्डों का चयन भी पूरा कर लिया गया है।
प्रशासन द्वारा चार संवेदनशील जोन चिन्हित किए गए हैं, जहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इन जोन में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
एसडीएम पोंटा द्विज गोयल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और जरूरत के अनुसार सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ाई जाएगी। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए एसपी सिरमौर से समन्वय कर पुलिस बल की तैनाती को लेकर पत्राचार भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के तहत 29 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जो निर्धारित तिथि तक जारी रहेगी। प्रशासन का प्रयास है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर