कार्यकारी अधिकारी के लंबी छुट्टी पर जाने से नाहन नगर परिषद हुई निष्क्रिय, कई विकास कार्य अटके, जनता में नाराजगी

 

नाहन, 23 सितंबर (हि.स.)।

नगर परिषद नाहन के कार्यकारी अधिकारी के लंबी छुट्टी पर जाने से शहर के विभिन्न विकास कार्यों पर ब्रेक लग गया है। नई नगर परिषद के गठन के बाद दो जनरल हाउस हो चुके हैं और इनमें शहर के विकास के साथ साथ विभिन्न वार्डों से जुड़े कई कार्यों के प्रस्ताव भी रखे गए, लेकिन अधिकारी की गैरमौजूदगी में इन कार्यों को गति नहीं मिल पा रही।टूटी गलियों और सड़कों की मरम्मत से लेकर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या तक का समाधान अटकने से पार्षदों को भी अपने-अपने वार्ड में लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ रही है। यही नहीं कई लोग अपने कामकाज और दस्तावेजों की दुरुस्ती को लेकर नगर परिषद पहुंच रहे हैं, लेकिन ईओ साहब के सीट पर न बैठे होने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कार्यकारी अधिकारी के लंबी छुट्टी पर जाने की शहर में भी खासी चर्चा है। इससे भी बड़ी हैरानी इस बात की है कि नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी के छुट्टी चले जाने के बाद इस बड़ी जिम्मेवारी को लेने को तैयार कोई नहीं है। ऐसे में नगर परिषद के विकास से जुड़े फैसलों और कामों को आगे बढ़ाने में दिक्कत आ रही है। जानकारी मिली है कि कार्यकारी अधिकारी 4 अक्टूबर तक छुट्टी पर हैं। हालांकि, उन्हें 25 सितंबर को छुट्टी से लौटना था, लेकिन किसी वजह से छुट्टियां आगे बढ़ा दीं।

नगर परिषद के दो जनरल हाउस में पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की जरूरतों से जुड़े विकास कार्यों को लेकर प्रस्ताव रखे थे। इनमें सड़क, गलियों और अन्य जरूरी सुविधाओं से संबंधित काम शामिल हैं, लेकिन अधिकारी की गैरमौजूदगी के कारण इन प्रस्तावों पर अपेक्षित गति से काम नहीं हो पा रहा।वहीं, शहर के कई हिस्सों में सड़कें और गलियां खराब हालत में हैं। कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें बंद होने से भी लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसी कई समस्याओं को लेकर लोग पार्षदों से जवाब मांग रहे हैं, लेकिन परिषद स्तर पर काम आगे न बढ़ने से पार्षद भी असहज स्थिति में हैं।

नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान ने बताया कि कार्यकारी अधिकारी छुट्टी पर गए हैं। उन्होंने माना कि लंबी छुट्टी पर जाने के कारण विकासात्मक कार्यों पर असर पड़ना लाजमी है। इसे लेकर उन्होंने स्थानीय विधायक अजय सोलंकी को भी अवगत करवाया है।

उधर, विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि समस्या का जल्द उचित समाधान किया जाएगा। वहीं, कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि वह अस्वस्थ चल रहे हैं। इसके चलते वह छुट्टी पर गए हैं। इससे ज्यादा वह किसी भी तरह की कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर