धर्मशाला के 8 और सोलन नगर निगम के 1 वार्ड में कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार

 

शिमला, 28 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में 17 मई को होने वाले नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस पार्टी ने फिलहाल सभी वार्डों के लिए उम्मीदवारों का एलान नहीं किया है। पार्टी ने अभी केवल कुछ चुनिंदा वार्डों के लिए ही अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की चुनाव समिति ने धर्मशाला और सोलन नगर निगम के 9 वार्डों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इसकी जानकारी प्रदेश संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा ने मंगलवार को शिमला में दी।

कांग्रेस ने नगर निगम धर्मशाला के 8 वार्डों के लिए उम्मीदवार घोषित किए हैं। इनमें वार्ड नंबर 4 (महिला) से नीनू शर्मा, वार्ड नंबर 5 (अनुसूचित जाति महिला) से शैलजा, वार्ड नंबर 6 (महिला) से बबीता ओबेरॉय, वार्ड नंबर 10 (सामान्य) से सुदेश कुमार, वार्ड नंबर 11 (सामान्य) से अनुराग, वार्ड नंबर 12 (अनुसूचित जनजाति महिला) से स्वर्णा देवी, वार्ड नंबर 15 (अनुसूचित जाति) से रजनी और वार्ड नंबर 16 (महिला) से बबीता शर्मा को टिकट दिया गया है।

इसके अलावा नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर 11 के लिए भी कांग्रेस ने महिला उम्मीदवार के तौर पर हेमा शर्मा को मैदान में उतारा है।

पार्टी की ओर से जारी इस सूची से साफ है कि अभी सभी वार्डों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की गई है और बाकी सीटों पर नामों का एलान जल्द किया जा सकता है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चरणबद्ध तरीके से उम्मीदवारों की घोषणा कर कांग्रेस स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए रणनीति बना रही है। उम्मीदवारों की आंशिक सूची जारी होने के बाद अब अन्य दलों पर भी अपने प्रत्याशी घोषित करने का दबाव बढ़ गया है और चुनावी माहौल धीरे-धीरे गर्माने लगा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा