नगर निगम धर्मशाला को मिले नए मेयर और डिप्टी मेयर, शमशेर नेहरिया मेयर और प्रेरणा गुलेरिया बनी डिप्टी मेयर

 






धर्मशाला, 01 जुलाई (हि.स.)। धर्मशाला नगर निगम को आखिरकार बुधवार को नया मेयर और डिप्टी मेयर मिल गया है। नगर निगम के महापौर एवं उपमहापौर के पद के लिए आज धर्मशाला स्थित मिनी सचिवालय में सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न हुआ जिसमें वार्ड-2 (भागसूनाग) से निर्वाचित पार्षद शमशेर नेहरिया महापौर तथा वार्ड-8 (खेल परिसर) की पार्षद प्रेरणा गुलेरिया उपमहापौर निर्वाचित हुईं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हेमराज बैरवा ने दोनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर स्थानीय विधायक एवं पदेन पार्षद सुधीर शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद मेयर और डिप्टी मेयर ने कार्यालय पंहुच कर अपना कार्यभार संभाला।

गौरतलब है कि इससे पूर्व बीते 29 मई को नवनिर्वाचित पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह हुआ था जिसके बाद मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होना था लेकिन कोरम पूरा नही होने के कारण उस दिन चुनाव नही हो पाया था। ऐसे में आज चुनाव की प्रक्रिया सम्पन्न करवाई गई जिसमें सर्वसम्मति से भाजपा के पार्षद शमशेर नेहरिया को मेयर जबकि प्रेरणा गुलेरिया को डिप्टी मेयर चुना गया।

उल्लेखनीय है कि इस बार के चुनावों में नगर निगम धर्मशाला में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है। नगर निगम के 17 वार्डों में से 11 पर भाजपा पार्षदों ने कब्जा किया है जबकि 5 पर कांग्रेस और एक निर्दलीय ने चुनाव जीता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया