मझारनू-कुफरू-बनेहड़ सड़क 20 दिन बाद बहाल,करीब 8 गांव के लोगों को पेश आ रही थी भारी दिक्कतें

 


मंडी, 19 अगस्त (हि.स.)। मंडी जिला के जोगिंदरनगर उपमंडल की मझारनू-कुफरू-बनेहड़ सड़क मंगलवार को बहाल हो गई। यह सड़क भारी बरसात से करीब 20 पहले पाइप लाइन के समीप भूस्खलन होने से बंद हो गई थी, जिसे अब लोक निर्माण विभाग द्वारा बहाल कर दिया गया है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। लोगों की मुश्किलें उस समय ओर अधिक बढ़ गई जब यह सड़क गलू की ओर से घरोन के समीप भारी चट्टान व मलबा गिरने से बंद हो गया। हालांकि बीते दिन लोक निर्माण विभाग द्वारा घरोन में सड़क बहाल करने का प्रयास किया, लेकिन भारी चट्टान व दलदल होने से मार्ग बहाल न हो सका।

स्थानीय निवासी सेवानिवृत्त कैप्टन पवन कुमार, छांगा राम, सुनील कुमार, मोहन सिंह, जोगिंदर सिंह, कृष्ण कुमार व शेर सिंह सहित अन्य लोगों ने लोक निर्माण विभाग का आभार जताते हुए कहा कि सड़क बंद होने से उन्हें भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने विभाग के अधीक्षण अभियंता राजीव शर्मा सहित अन्य अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए मांग की है कि घरोन के समीप गिरी चट्टान व मलबे को हटाकर सड़क को दोनों छोर से बहाल करें।

इधर, सहायक अभियंता लोनिवि संजय कुमार का कहना है कि मझारनू-कुफरू-बनेहड़ सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दी गई है। वहीं इस सड़क पर घरोन के समीप गिरी भारी चट्टान व मलबे को भी विभाग द्वारा जल्द हटाने प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा