शादी के नाम पर लाखों की ठगी, पांच दिन बाद दुल्हन फरार, निष्पक्ष जांच व खर्च की भरपाई की मांग
हमीरपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। हमीरपुर जिला की ग्राम पंचायत ब्राह्लड़ी के तहत आने वाले डुढाणा गांव में शादी के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग की है। मामले को लेकर परिवार ने एसपी हमीरपुर से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
जानकारी के अनुसार डुढाणा निवासी संजय कुमार की शादी अगस्त 2025 में लुधियाना के मछीवाड़ा क्षेत्र में एक बिचौलिए के माध्यम से करवाई गई थी। परिवार का आरोप है कि शादी पर पांच लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए, जबकि बिचौलिए को डेढ़ लाख रुपये नकद दिए गए थे। शादी के बाद दुल्हन महज चार से पांच दिन ही ससुराल में रही और छठे दिन किसी बहाने से घर से चली गई। जाते समय उसने एक-दो दिन में लौटने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं आई।
वहीं संजय कुमार ने कहा कि जब दुल्हन नहीं लौटी तो उन्होंने बिचौलिए से संपर्क किया। आरोप है कि बिचौलिए ने जिम्मेदारी लेने के बजाय दूसरी लड़की से शादी करवाने की बात कही। पीड़ित के अनुसार बिचौलिए के कहने पर वे पांच से छह बार मछीवाड़ा गए, लेकिन हर बार उन्हें निराशा ही हाथ लगी। इन यात्राओं पर करीब 60 हजार रुपये अतिरिक्त खर्च हो गए। पीड़ित संजय कुमार ने कहा कि उसे शादी के नाम पर लूटा गया है। उनका कहना है कि अब उन्हें दुल्हन की वापसी नहीं चाहिए, बल्कि शादी में खर्च की गई पूरी राशि वापस दिलवाई जाए। आर्थिक रूप से सामान्य परिवार होने के कारण यह राशि उनके लिए बड़ी है और इस घटना से परिवार पर आर्थिक व मानसिक दबाव बढ़ गया है।
संजय कुमार की माता निर्मला देवी ने बताया कि बेटे की शादी बड़े अरमानों के साथ की गई थी, लेकिन कुछ ही दिनों में बहू अपने रिश्तेदारों के साथ चली गई। इसके बाद से परिवार को सामाजिक असहजता और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले में शीघ्र कार्रवाई कर न्याय दिलाया जाए।
वहीं मामला मानवाधिकार महिला विंग की महासचिव पूनम देवी के पास भी पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की शिकायत पुलिस विभाग को सौंप दी गई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि शादी के नाम पर ठगी हुई है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। वहीं एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि शादी के नाम पर ठगी की शिकायत मिली है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा