जिला आयुर्वेदिक अस्पताल की आरकेएस ने 26.17 लाख रुपये के व्यय को दी मंजूरी

 


हमीरपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। जिला आयुर्वेदिक अस्पताल की रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की शासकीय निकाय की बैठक मंगलवार को यहां हमीर भवन में एडीसी अभिषेक गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अस्पताल में विभिन्न सेवाओं और ढांचागत कार्यों के लिए धनराशि के आवंटन को मंजूरी दी गई। समिति ने कुछ नई सेवाओं के लिए शुल्क निर्धारित करने तथा कुछ सेवाओं के पुराने शुल्कों में आंशिक वृद्धि करने का निर्णय भी लिया।

एडीसी ने कहा कि इस वित्त वर्ष के दौरान अस्पताल में विभिन्न सेवाओं के शुल्क, केमिस्ट शॉप के किराये और पार्किंग फीस से कुल लगभग 26.17 लाख रुपये की आय का अनुमान है। गत वर्षों की शेष राशि को मिलाकर यह आय लगभग 1.07 करोड़ रुपये होने की उम्मीद है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को इस धनराशि का सदुपयोग करने और मरीजों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

समिति ने इस वित्त वर्ष के दौरान विभिन्न सेवाओं, सफाई व्यवस्था, ढांचागत विकास एवं मरम्मत, अस्थायी सफाई कर्मचारियों के मानदेय और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए लगभग 38.17 लाख रुपये के व्यय को भी मंजूरी प्रदान की। एडीसी ने कहा कि अस्पताल में ढांचागत विकास के लिए मंजूर की गई धनराशि अतिशीघ्र खर्च होनी चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतरीन सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की योजना के तहत राज्य के 14 आयुर्वेदिक अस्पतालों में कुल 256 युवाओं को पंचकर्मा तकनीशियन कोर्स करवाया जाएगा। हमीरपुर के अस्पताल में भी 16 युवाओं को यह कोर्स करवाया जाएगा। इनमें 50 प्रतिशत महिलाएं होंगी। इस प्रशिक्षण कोर्स के बाद ये युवक-युवतियां आयुर्वेद, पर्यटन एवं स्वरोजगार के अन्य क्षेत्रों में कॅरियर बना सकते हैं।

रोगी कल्याण समिति ने कार्यकारी समिति के पुनर्गठन का प्रस्ताव आयुष विभाग के निदेशालय को प्रेषित करने का निर्णय भी लिया। बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी व्यापक चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा