मंडी में नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों ने ली शपथ,

 


मंडी, 08 जून (हि.स.)। मंडी में जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों को आज डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने पद एवं गोपनियता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह जिला परिषद के सभागार में आयोजित किया गया। इससे पहले भाजपा समर्थित सभी सदस्यों ने सर्किट हाउस में पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से मुलाकात की।

बता दें कि भाजपा के 25 अधिकृत सदस्य जीतकर आए थे लेकिन अब चार उन सदस्यों ने भी खुद को भाजपा के खेमे में शामिल कर दिया है जिन्होंने बगावत करके चुनाव लड़ा था। भाजपा समर्थित सदस्यों की संख्या अब 29 हो गई है। जयराम ठाकुर ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में पंचायत चुनावों में जनता ने भाजपा को बहुत बड़ा जनसमर्थन दिया है। भाजपा समर्थित लोगों को जनता ने चुन-चुन कर जिताया है जबकि कांग्रेस की विचारधारा वालों को चुन-चुन कर हराया है। जयराम ठाकुर ने उम्मीद जताई कि अब चेयरमैन और वायस चेयरमैन के चुनाव की प्रक्रिया को भी सरकार व प्रशासन जल्द पूरा करवाएंगे।

डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि पंचायत चुनावों में जो भी नवनिर्वाचित सदस्य चुनकर आए हैं उन्हें शपथ दिलाई जा रही है। इस प्रक्रिया को जिला भर में पूरा किया जा रहा है। जिला परिषद के अलावा पंचायत समिति के सदस्यों को भी शपथ दिलाने का कार्य जारी है। इसके बाद आगामी प्रक्रियाओं को पूरा करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा