मंडी के रोपड़ू में तेंदुए ने गोशाला का छत्त फाड़ कर मार डाली भेड़ें
मंडी, 14 अगस्त (हि.स.)। मंडी शहर के साथ लगती नसलोह पंचायत में तेंदुए का आतंक रूकने का नाम नहीं ले रहा है। यह तेंदुआ अब तक चार दर्जन से अधिक पालतू पशुधन को चट कर चुका है। अब इसने पंचायत के गांव रोपड़ू में रोशन लाल की गोशाला में स्लेटपोश छत्त को फाड़ कर उसमें रखी 8 में से 6 भेड़ों को मार डाला।
रोशन लाल पुत्र कांशी राम ने बताया कि बीते रोज जब वह रोजाना की तरह अपनी दोघरी स्थित गोशाला में पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। उसकी 8 में से 6 भेड़ें तेंदुआ चट कर चुका था केवल दो छोटे भेड़ू ही उसके कहर से बच पाए थे। उसने इस बारे में पंचायत प्रधान को भी सूचित कर दिया तथा वन विभाग को भी सूचना दे दी। पंचायत प्रधान मथरा देवी ने भी मौका पर आकर रिपोर्ट तैयार की जबकि पशु औषधालय रोपानाल के प्रभार अभय कुमार ने भी मौका पर आकर मृत भेड़ों के अवशेषों का पोस्टमार्टम करके अपनी रिपोर्ट दे दी। वन विभाग ने भी पुष्टि कर दी कि यह सब तेंदुए का करा धरा है। गरीब ग्रामीण रोशन लाल का लगभग 70 हजार रूपए का नुकसान हो गया। इसके बावजूद खतरा बरकरार है। 19 जुलाई को इसी क्षेत्र के गांव अरड़ा में बिमला देवी की तीन बकरियों को तेंदुआ निशाना बना चुका है।
लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में यह तेंदुआ अब तक चार दर्जन से अधिक भेड़ बकरियों, कुत्तों व अन्य पालतू पशुओं को चट कर चुका है। लोगों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है ताकि यह जो खौफ पैदा हुआ है वह खत्म हो सके। पशुओं को शिकार बनाने वाला यह तेंदुआ कहीं किसी का जानी नुकसान भी कर सकता है। ऐसे में इसका पकड़ा जाना जरूरी माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा