बढ़ती गर्मी के दृष्टिगत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी किए आवश्यक दिशा-निर्देश

 


मंडी, 22 मई। जिला दंडाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित लू की स्थिति को देखते हुए आम लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि मंडी जिले के कई क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस और मंडी में 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि बल्ह घाटी, सरकाघाट और धर्मपुर सहित निचले क्षेत्रों में भी गर्मी का असर बढ़ा है।

जिलादंडाधिकारी ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले सप्ताहों में सामान्य से कम वर्षा और लू के अधिक दिनों की संभावना जताई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने जलशक्ति विभाग को सभी क्षेत्रों में पर्याप्त और निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, जल स्रोतों और भंडारण टैंकों की नियमित सफाई व क्लोरीनीकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों, अस्पतालों, बस स्टैंड, बाजारों और शिक्षण संस्थानों में ठंडे पानी के कूलर एवं पेयजल केंद्र चालू रखने को कहा गया है।

शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थान और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा दोपहर के समय बाहरी गतिविधियां कम करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में लू से संबंधित आपात स्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है।

वन विभाग को जंगलों में आग की घटनाओं की रोकथाम के लिए सतर्क रहने तथा कृषि, बागवानी और पशुपालन विभागों को किसानों और पशुपालकों को आवश्यक सलाह एवं सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा