एसपीयू इतिहास विभाग द्वारा दीक्षारंभ पर निकाली मंडी धरोहर अध्ययन यात्रा, कुलपति ने दिखाई हरी झंडी
मंडी, 29 जुलाई (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के इतिहास विभाग द्वारा दीक्षारंभ पर मंडी@500 धरोहर अध्ययन यात्रा निकाली। कुलपति ने इतिहास विभाग तथा भारतीय सांस्कृतिक निधि मंडी चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में मंडी @500 : इतिहास के साक्ष्य, स्मारक और समाज विषय पर आयोजित ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर अध्ययन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
धरोहर अध्ययन यात्रा के अंतर्गत विद्यार्थियों ने चौहट्टा, भूतनाथ मंदिर, विक्टोरिया केसरी पुल, पंचवक्त्र महादेव मंदिर, नदी तट तथा मण्डी नगर के ऐतिहासिक नगर नियोजन का प्रत्यक्ष अध्ययन किया। यात्रा के दौरान इंटेक की ओर से श्री सत्य महेश ने प्रत्येक ऐतिहासिक स्थल के इतिहास, स्थापत्य, सांस्कृतिक महत्व तथा संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि मण्डी नगर केवल मंदिरों का नगर नहीं बल्कि पाँच शताब्दियों की सांस्कृतिक निरंतरता, स्थापत्य परम्परा और सामाजिक विकास का जीवंत उदाहरण है।
इस अवसर पर इंटेक, मण्डी चैप्टर के कन्वीनर नरेश मल्होत्रा तथा सह-कन्वीनर अनिल शर्मा,कमल कांत शर्मा, राजीव वैद्य, निशि कपूर, पुष्पा ठाकुर,हितेश वैद्य,प्रेम वर्षा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में इतिहास विभाग के सहायक आचार्य विकेश कुमार और कार्यक्रम संयोजक राजेश शर्मा, लोक प्रशासन विभाग की अतिथि संकाय, शोधार्थी वेद प्रकाश, दीपक दीपांशु, लखविंदर, मनीषा, वंदना, भूपेन्द्र, शिव कुमार, सुशांत, नरेंद्र, होमेश और चिरंजी लाल नवप्रवेशी विद्यार्थी, वरिष्ठ छात्र-छात्राएँ तथा बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा मण्डी की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संकल्प लेने के साथ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आचार्य प्रो. राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि इतिहास विभाग ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए जो गतिविधियां आयोजित की हैं, वे उन्हें स्थानीय इतिहास, संस्कृति और विरासत के प्रति संवेदनशील बनाएंगी। इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि ऐतिहासिक स्थलों का प्रत्यक्ष अध्ययन विद्यार्थियों में शोधपरक दृष्टि, स्रोतों की समझ तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति उत्तरदायित्व विकसित करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा