वेदांत कुटीर मंडी में गूंजी राम महिमा, मानस कथा से श्रोता हुए भाव-विभोर
मंडी, 26 जुलाई (हि.स.)। वेदांत कुटीर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित श्री रामचरितमानस कथा के सातवें दिन रविवार को श्रद्धालुओं ने प्रभु श्री राम की महिमा का भावपूर्ण गुणगान किया। कुटीर की अध्यक्षा साध्वी सेवानंद सरस्वती की अध्यक्षता में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में संगत भारी संख्या में पहुंच रही है। कथा के दौरान साध्वी सेवानंद सरस्वती ने श्री रामचरितमानस के कई मार्मिक और प्रेरणादायक प्रसंगों का अत्यंत सुगम व जीवंत व्याख्यान किया।
प्रभु श्री राम और हनुमान जी का मिलन पर उन्होंने बताया कि किस प्रकार भक्त और भगवान का यह मिलन भक्ति मार्ग का सर्वोच्च शिखर है। इसके अलावा वनवास के दौरान माता सीता के संयम, त्याग और कुटिया प्रवास के प्रसंग का भावुक वर्णन किया गया। प्रभु श्री राम के शरणागत विभीषण को अपनाने के प्रसंग के माध्यम से उन्होंने ईश्वर की असीम कृपा और दयालुता का संदेश दिया। बताया कि जब जीव सब कुछ छोड़कर ईश्वर की शरण में जाता है, तो प्रभु उसे बिना किसी भेदभाव के अपना लेते हैं। विभीषण शरणागति का प्रसंग इसका सबसे जीवंत उदाहरण है।
आरती व प्रसाद वितरण कथा के विश्राम पर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया, जिसके बाद मुख्य आरती उतारी गई। आरती के उपरांत उपस्थित सभी श्रद्धालुओं में पावन प्रसाद का वितरण किया गया। बताया कि गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में चल रहा यह पावन धार्मिक अनुष्ठान बुधवार को पूर्णाहुति और भंडारे के साथ संपन्न होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा