चूड़धार के जंगलों में लापता हुआ युवक, ढूंढने वाले को मिलेगा 10 हजार का इनाम
नाहन, 19 जून (हि.स.)। सुप्रसिद्ध ट्रैकिंग स्थल चूड़धार के घने जंगलों से एक बेहद परेशान करने वाली खबर सामने आई है। नौहराधार के भगाड़ी गांव का रहने वाला 28 वर्षीय युवक ज्ञान सिंह पुंडीर पिछले एक सप्ताह से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। इस घटना के बाद से जहां युवक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में गहरी चिंता का माहौल है।
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ज्ञान सिंह बीते 12 जून को चूड़धार यात्रा के लिए घर से निकला था। आशंका जताई जा रही है कि घने जंगलों और दुर्गम रास्तों के बीच वह अपना मार्ग भूल गया। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह चूड़धार के मुख्य ट्रैक से भटककर कुपवी, बुरभल, रोहड़ू या फिर पड़ोसी राज्य उत्तराखंड की सीमा से सटे जंगली इलाकों की तरफ निकल गया है। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा अपने स्तर पर काफी खोजबीन की जा चुकी है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि लापता युवक की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं और संभावित ठिकानों पर खोजबीन जारी है। पुलिस अधिकारी ने एक अहम खुलासा करते हुए यह भी बताया कि यह युवक पहले भी इस साल फरवरी महीने में लापता हो गया था, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जिला सोलन से सकुशल ढूंढ निकाला था।
समय बीतने के साथ परिजनों की उम्मीदें टूट रही हैं और चिंताएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस संकट की घड़ी में हताश परिवार ने अब आम जनता से मदद की गुहार लगाई है। परिजनों ने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति ज्ञान सिंह के बारे में कोई भी पुख्ता जानकारी या सटीक सुराग देगा, उसे ₹10,000 की नकद पुरस्कार राशि (सम्मान राशि) दी जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही एक बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर