शादी समारोह में व्यक्ति की सीने में उठा दर्द, अस्पताल पहुंचते ही मौत
नाहन, 23 जून (हि.स.)। संगड़ाह के रणफूआ गांव में सोमवार बीती रात को शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। समारोह में शामिल होने आए एक व्यक्ति की अचानक हृदय गति रुकने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, लच्छी सिंह निवासी कोटला मोलर, तहसील ददाहू, उपमंडल संगड़ाह के रणफूआ गांव में रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आए थे। रात एक बजे शादी समारोह के दौरान अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द और घबराहट शुरू हो गई। साथियों ने उन्हें तुरंत संगड़ाह अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में तैनात चिकित्सक ने बताया कि मरीज को लाने के कुछ ही मिनटों के भीतर उसकी सांसें रुक गईं। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार जरूर दिया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद मौत का कारण हार्ट अटैक बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर