शिलाई में घास लेने जंगल जा रहे व्यक्ति की गिरकर मौत

 

नाहन, 15 सितंबर (हि.स.)। सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में मंगलवार को 57 वर्षीय एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार व्यक्ति जंगल जाते समय पगडंडी पर सिर के बल गिरा मिला था।

पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को सिविल अस्पताल शिलाई के मेडिकल ऑफिसर ने थाना पुलिस को सूचना दी कि एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक जांच की।

शवगृह में मृतक की पहचान जगत सिंह (57), पुत्र स्वर्गीय बेसु राम, निवासी गांव एवं डाकघर नैनीधार, तहसील शिलाई के रूप में हुई। मौके पर मृतक का भाई लाल सिंह और भतीजा विनोद कुमार मौजूद थे।

पुलिस के मुताबिक शव के निरीक्षण के दौरान शरीर पर चोट के निशान पाए गए। मृतक के भतीजे विनोद कुमार ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब छह बजे घास लेने जंगल की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने पगडंडी पर अपने चाचा जगत सिंह को सिर के बल गिरा हुआ पाया। उनके सिर पर चोट लगी थी और वह बोल नहीं रहे थे।

इसके बाद परिजन उन्हें सिविल अस्पताल शिलाई ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि परिजनों ने किसी व्यक्ति पर संदेह नहीं जताया है और घटना को गिरने के कारण हुई मौत बताया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए मृतक के भाई लाल सिंह को सौंप दिया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर