मनाली में अचानक बर्फबारी से बढ़ी पर्यटकों की परेशानी, बर्फ में फंसे सैंकड़ों वाहनों को निकालने में जुटी पुलिस
कुल्लू, 16 मार्च (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में अचानक हुई बर्फबारी के कारण पर्यटकों की परेशानी बढ़ गई है। बर्फबारी के चलते सैकड़ों पर्यटक और वाहन विभिन्न स्थानों पर फंस गए हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और यातायात को सुचारू करने में जुटी हुई हैं।
रविवार को शुरू हुई बर्फबारी के बाद अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल और साउथ पोर्टल के पास सैकड़ों वाहन फंस गए। पूरी रात एसडीएम मनाली और डीएसपी क्षमादत्त शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर डटे रहे और वाहनों की आवाजाही सामान्य करने के प्रयास करते रहे।
सोमवार सुबह एक बार फिर मनाली और लाहौल-स्पीति में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया, जिससे सड़कें फिसलन भरी हो गईं और वाहनों को निकालना और भी मुश्किल हो गया। इस बीच बीआरओ की टीम भी सड़कों से बर्फ हटाने में लगातार जुटी रही।
उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने बताया कि अटल टनल के साउथ पोर्टल की ओर लगभग 300 वाहन फंसे हुए हैं, जो लाहौल-स्पीति की तरफ से आए हैं। वहीं पर्यटन स्थल सोलंग नाला में करीब 500 वाहन धीमी गति से निकल रहे हैं, जिसके कारण लंबा जाम लग गया है।
उन्होंने बताया कि बर्फ हटाने के लिए मशीनरी लगातार काम कर रही है और यातायात को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।
उपायुक्त ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि खराब मौसम की स्थिति में बिना जरूरी जानकारी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा न करें। यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या जोखिम से बचा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह