मंडी के सरधवार गांव में तालाब में फंसे तेंदुए काे रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला
मंडी, 16 मार्च (हि.स.)। मंडी जिला के रिवालसर क्षेत्र के सरधवार गांव में पानी के टैंक में फंसे तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। उप अरण्यपाल वन मंडल मंडी वासू डोगर ने बताया कि वन विभाग द्वारा कोटली वन रेंज के अंतर्गत सरधवार गांव में पानी के टैंक में फंसे एक वयस्क तेंदुए को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया गया।
उन्होंने बताया कि इस बारे विभाग को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक तेंदुआ गांव के एक तालाब में फंस गया है। जिससे बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग के स्टाफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए उचित भीड़ नियंत्रण किया गया। रिवालसर के सरकीधार में इस वन्यजीव बचाव दल के मौके पर पहुंचने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम के समन्वित प्रयासों से तेंदुए को सुरक्षित रूप से तालाब से बाहर निकाला गया। जिसमें विभाग की टीम क्षरा ट्रैंकुलाइजर गन और जाल की मदद से तेंदुए को बेहोश किया गया। इसके पश्चात उसे टेंक से सुरक्षित बाहर निकाला गया। जांच के दौरान पाया गया कि यह मादा उप-वयस्क तेंदुआ लगभग 3–5 वर्ष आयु है और यह पूरी तरह स्वस्थ एवं उसके शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशन नहीं पाए गए।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व राकेश जमवाल, ब्लॉक अधिकारी नागन ने किया। इस दौरान सुंदरनगर से आई वन्यजीव टीम, जिसका नेतृत्व पशु चिकित्सक डॉ. विपिन कर रहे थे, ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया। पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान डीएफओ मंडी लगातार निगरानी रखते हुए स्टाफ का मार्गदर्शन करते रहे। उप अरण्यपाल वासू डोगर ने बताया कि तेंदुए को पिंजरे में डाल कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया है। वन विभागने इस सफल अभियान में सहयोग के लिए स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा