हिमाचल में मानसून की पहली मौत, मंडी में भूस्खलन की चपेट में आई महिला
शिमला, 01 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ शुरू हुई झमाझम बारिश अब जानलेवा भी साबित होने लगी है। प्रदेश में मानसून से जुड़े भूस्खलन की पहली मौत मंडी जिले में सामने आई है, जहां पहाड़ी से गिरे एक बड़े पत्थर की चपेट में आने से 38 वर्षीय महिला की मौत हो गई। लगातार हो रही वर्षा के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं शुरू हो गई हैं। इससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
मंडी जिले के औट क्षेत्र में बुधवार सुबह यह हादसा हुआ। नालागढ़ निवासी 38 वर्षीय सुखवीर कौर अपने परिवार के साथ कार में सफर कर रही थीं। जब उनका वाहन औट के संदली मोड़ स्थित शनि मंदिर के समीप पहुंचा, उसी दौरान उनके बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चे को उल्टी होने पर सुखवीर कौर उसे संभालने के लिए वाहन से नीचे उतरीं।
जानकारी अनुसार इसी दौरान लगातार बारिश से कमजोर हुई पहाड़ी से अचानक एक बड़ा पत्थर लुढ़ककर नीचे आ गिरा। पत्थर सीधे सुखवीर कौर को जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। चोटें इतनी गंभीर थीं कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि जिस बच्चे को संभालने के लिए वह वाहन से नीचे उतरी थीं, वह पूरी तरह सुरक्षित बच गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि मानसून ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में दस्तक दी थी और इसके बाद से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा