लाहौल-स्पीति में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एचआरटीसी परिचालक की मौत
शिमला, 02 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले की मयाड़ घाटी में गुरुवार सुबह एक हादसे में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के एक परिचालक की मौत हो गई। हादसा धोंदल नाला के पास उस समय हुआ, जब परिचालक बस के साथ लौटते समय नाले के किनारे हाथ-मुंह धो रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर गिरा और उनके सिर पर आ लगा। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मंडी जिले की लाड़भरोल तहसील के पंजालाग गांव निवासी ज्ञान सिंह के रूप में हुई है। वह एचआरटीसी के केलांग डिपो में परिचालक के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की बस बुधवार को उदयपुर से मयाड़ घाटी के खंजर रूट के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण बस करपट से आगे नहीं जा सकी और उसे वापस लौटना पड़ा।
गुरुवार सुबह करीब 7:10 बजे बस उदयपुर की ओर लौट रही थी। धोंदल नाला के पास ज्ञान सिंह बस से उतरकर हाथ-मुंह धो रहे थे। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर गिरा, जो उनके सिर पर लगा। चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बस चालक और स्थानीय लोगों ने पुलिस थाना उदयपुर को जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
उधर, लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत परिचालक के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद एचआरटीसी कर्मचारियों और क्षेत्र के लोगों में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा