लाला लाजपत राय के बलिदान को किया याद, शिमला में पुष्पांजलि अर्पित
शिमला, 17 नवंबर (हि.स.)। पंजाब केसरी लाला लाजपत राय की पुण्यतिथि पर मंगलवार को शिमला में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। स्कैंडल पॉइंट के समीप स्थित उनकी प्रतिमा पर आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम शिमला की उप महापौर उमा कौशल ने पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। इस दौरान उन्होंने देश की आजादी के आंदोलन में लाला लाजपत राय के योगदान और उनके बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, देशभक्ति और संघर्ष की मिसाल है।
उमा कौशल ने कहा कि लाला लाजपत राय ने स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाई और देशवासियों में राष्ट्रीय चेतना जगाने का काम किया। देश की आजादी के लिए उनका संघर्ष और बलिदान भारतीय इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनके विचार और आदर्श आज भी लोगों, विशेषकर युवा पीढ़ी को देशहित में काम करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि लाला लाजपत राय के जीवन से अन्याय के विरुद्ध दृढ़ता से खड़े होने और देश की एकता, अखंडता व स्वाभिमान की रक्षा करने की सीख मिलती है। देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और उनके बलिदान को याद रखना सभी का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त शिमला सचिन शर्मा, नगर निगम शिमला के आयुक्त सचिन कंवल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह और अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी लाला लाजपत राय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा