सिरमौर में 33 केवी लाइन की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत, बिजली ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप
नाहन, 05 जुलाई (हि.स.)। सिरमौर के माजरा क्षेत्र में बिजली के पोल पर काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जहां 33 केवी हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर की करंट लगने के बाद पोल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोहन लाल निवासी गांव बेलवाली, डाकघर धौलाकुआं, तहसील पांवटा साहिब ने थाना माजरा में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि उसका भतीजा बारु राम ठेकेदार नासीर रावत के पास बिजली ठेकेदारी कार्य में मजदूर के रूप में काम करता था।
आरोप है कि सुबह ठेकेदार ने उसे बिजली के पोल पर चढ़ाकर काम करने के लिए भेज दिया, जहां पोल के ऊपर से 33 केवी बिजली लाइन गुजर रही थी। इसी दौरान वह हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर पोल से नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि काम शुरू करने से पहले ठेकेदार ने बिजली विभाग से न तो आवश्यक अनुमति ली और न ही लाइन का शटडाउन कराया। उन्होंने बताया कि पुलिस थाना माजरा ने शिकायत के आधार पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर