मंडी में क्षयरोग निवारण सफलता की दर 90 प्रतिशत से अधिक,मृत्यू दर मे कमी दर्ज
मंडी, 26 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार चौहान के कार्यभार संभालने के उपरांत प्रथम अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। राज्य में चल रहे विधानसभा सत्र को ध्यान मे रखते हुए बैठक का आयोजन ऑनलाइन माध्यम से किया गया। इसमें मुख्य रूप से 24 मार्च 2026 से चल रहे क्षय रोग मुक्त भारत अभियान 2.O की समीक्षा की गई।
बैठक का संचालन करते हुए डा. अरिंदम राय जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित किए गए लक्ष्यों जैसे सम्भावित लोगों की स्क्रीनिंग, उनकी बलगम जांच, एक्स रे और रोग के लक्ष्ण पाए जाने पर तुरंत उपचार, समय पर दवाई की पर्याप्त उपलब्धता, रोगियों मे उनका वितरण की जा रही है। इसकी सफलता को सुनिश्चित करना, प्रोटीन युक्त पोषण उपलब्ध करवाना तथा वित्तिय सहायता देने में मंडी जिला ने सराहनीय कार्य किया है ।
उन्होंने कहा कि उपरोक्त सभी मापदंडों की सफलता दर 90 प्रतिशत से अधिक है और क्षय रोगियों की मृत्यू दर मे कमी दर्ज की गई है । बैठक में स्वास्थ्य खंड प्रमुखों, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों, डॉ. निकेत सलाहकार विश्व स्वास्थ्य संगठन, तथा इस कार्यक्रम से जुड़े कर्मचारियों ने भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा