नाहन में बुद्ध जयंती पर सम्मान समारोह, छात्रों को किया गया सम्मानित

 


नाहन, 01 मई (हि.स.)। सिरमौर जिले के नाहन में कोली समाज की जिला इकाई ने महात्मा बुद्ध जयंती के अवसर पर शुक्रवार को एक जिला स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया। यह कार्यक्रम नाहन के प्रताप सामुदायिक भवन में हुआ, जिसमें समाज के लोगों के साथ बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक भी शामिल हुए।

इस मौके पर बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। उन्हें मंच पर बुलाकर मुमेंटो, प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

समारोह में कोली समाज के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और संस्थापक सदस्य प्रोफेसर बलबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं, यूपीएससी परीक्षा पास कर चुके पुड़ला निवासी सुशांत चौहान विशेष अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्हें समाज का नाम रोशन करने के लिए विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों ने महात्मा बुद्ध के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बुद्ध के संदेशों को आज के समय में भी प्रासंगिक बताते हुए मानवता, शांति और करुणा के महत्व को समझाया।

विशेष अतिथि सुशांत चौहान ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए अपने अनुभव साझा किए और उन्हें मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व बताया। उन्होंने छात्रों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करने की सलाह दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर