नाहन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भगवान खाटू श्याम की भव्य शोभा यात्रा से शाम मय हुआ शहर
नाहन, 16 अप्रैल (हि.स.)। नाहन शहर वीरवार को भगवान खाटू श्याम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। श्री बालाजी एवं खाटू श्याम शहर मंडल की ओर से आयोजित वार्षिक उत्सव के उपलक्ष्य में आज शहर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। काली स्थान तालाब स्थित प्राचीन बालाजी मंदिर से शुरू हुई इस यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
शोभा यात्रा का शुभारंभ काली स्थान तालाब से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। फूलों से सजे बाबा के भव्य रथ के साथ श्रद्धालु नाचते-गाते और हाथों में निशान (झंडे) लिए चल रहे थे। यह यात्रा नया बाजार, दिल्ली गेट, गोविंदगढ़, बाल्मीकि नगर, कच्चा टैंक, छोटा चौक, बड़ा चौक और गुन्नू घाट होते हुए शहर के प्रमुख रास्तों से गुजरी। जगह-जगह स्थानीय लोगों द्वारा पुष्प वर्षा और जलपान की व्यवस्था कर शोभा यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। देर शाम यह यात्रा ऐतिहासिक चौगान मैदान में पहुंचकर संपन्न होगी, जहाँ बाबा की विशेष आरती की जाएगी।
आयोजक दीपक चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि शोभा यात्रा के बाद शुक्रवार को शाम चौगान मैदान में एक विशाल संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक संध्या में दिल्ली की प्रसिद्ध भजन गायिका भावना स्वरांजलि अपनी मधुर वाणी से बाबा का गुणगान करेंगी। संकीर्तन के लिए चौगान मैदान में भव्य दरबार सजाया जा रहा है। दीपक चौधरी ने बताया कि इस पूरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में सुख-शांति, आपसी भाईचारे और सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर